काशीपुर में निर्माणाधीन भवन का लेंटर गिरने से दो लोग मलबे के नीचे दबे,एक की मौत।
काशिपुर (उधमसिंह नगर):-22 अगस्त 2026
उधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पट्टी में शनिवार शाम निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। लेंटर के मलबे की चपेट में आने से दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को मलबे से बाहर निकालकर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 28 वर्षीय जाकिर को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके 40 वर्षीय भाई शकील का उपचार चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मीपुर पट्टी क्षेत्र में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शाम के समय अचानक निर्माणाधीन मकान का लेंटर भरभराकर नीचे आ गिरा। लेंटर गिरने के दौरान दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए और मलबे के नीचे दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे दोनों भाइयों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ दमकल विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे. एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। स्थानीय लोगों और राहत-बचाव टीम की मदद से काफी प्रयास के बाद दोनों भाइयों को मलबे से बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को तत्काल काशीपुर के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने 28 वर्षीय जाकिर की जांच की, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया, वहीं 40 वर्षीय शकील गंभीर रूप से घायल था, जिसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
बताया गया है कि जाकिर छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर के थे। अचानक हुए इस हादसे में जाकिर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। तहसीलदार काशीपुर पंकज चंदौला ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि,प्रशासन की ओर से निर्माणाधीन मकान के लेंटर गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। लेंटर गिरने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई और अस्पताल में भी परिवार के लोग पहुंच गए।वहीं घायल शकील के स्वास्थ्य पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
