श्रीनगर गढ़वाल विश्वविद्यालय की डॉ. मनीषा निगम को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026, 5 सितंबर को विज्ञान भवन में होगा सम्मान।
श्रीनगर गढ़वाल:-22 अगस्त 2026
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए गौरवान्वित कर देने वाली खबर सामने आ रही है, जी हाँ दरअसल विश्वविद्यालय की शिक्षिका डॉ. मनीषा निगम का चयन केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदान किए जाने वाले राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 (National Teacher Award 2026) के लिए किया गया है। देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों से इस वर्ष महज 21 शिक्षकों को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।
21 शिक्षकों में डॉ. निगम का चयन।
शिक्षा मंत्रालय की ओर से 21 अगस्त को जारी पत्र में पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों की सूची जारी की गई। इसमें आईआईटी, केंद्रीय विश्वविद्यालयों सहित देश के विभिन्न प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षकों को स्थान मिला है। इसी सूची में गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की डॉ. मनीषा निगम का नाम शामिल होना संस्थान के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
विज्ञान भवन में होगा भव्य सम्मान समारोह।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का समारोह 5 सितंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। समारोह में चयनित शिक्षकों को उनकी शैक्षणिक सेवाओं और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक पुरस्कार के साथ प्रशस्ति-पत्र, 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और रजत पदक प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल।
डॉ. मनीषा निगम के राष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए चुने जाने पर गढ़वाल विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने डॉ. निगम को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए विश्वविद्यालय की शिक्षिका का चयन पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और मजबूत करने वाली उपलब्धि बताया।कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने भी डॉ. निगम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शिक्षकों की निरंतर मेहनत और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की पहचान है।
शिक्षकों और अधिकारियों ने दी बधाई।
डॉ. निगम की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं, बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. हरभजन सिंह चौहान, डीन नियुक्ति एवं प्रोन्नति प्रो. एमएस पंवार, जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों और अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए डॉ. मनीषा निगम का चयन न केवल उनके अकादमिक योगदान को राष्ट्रीय पहचान देता है, बल्कि गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में भी एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ता है।
