हल्द्वानी में फर्जी आईबी अधिकारी गिरफ्तार,आरोपी की कार से फर्जी आईबी आईडी,फर्जी कागजात बरामद।
हल्द्वानी:-13 सितंबर 2026
नीली बत्ती लगी कार, उस पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड, हाथ में फर्जी आईबी की पहचान और साथ में पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन। इन चीजों के सहारे रौब जमाना एक 24 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। तिकोनिया चौराहे पर सघन चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने खुद को IB अधिकारी बताने वाले युवक का फर्जीवाड़ा पकड़ लिया।
पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूम रहे युवक का भंडाफोड़ हुआ है। हल्द्वानी तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगी हुंडई कार को रोका तो चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताया। शक होने पर तलाशी ली गई, जिसमें फर्जी आईबी आईडी और दस्तावेजों के साथ पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार सीज कर दी है. उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
हल्द्वानी में सरकारी अधिकारी बनकर रौब झाड़ने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक न सिर्फ खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी का अधिकारी बताकर घूम रहा था, बल्कि अपनी कार पर भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगाकर सरकारी रसूख दिखा रहा था, लेकिन पुलिस की सघन चेकिंग ने उसके पूरे फर्जीवाड़े की पोल खोल दी। 12 सितंबर को हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या (UP25CS 9327) आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा था। पुलिस ने कार को रोककर चालक से पूछताछ की. चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान बताया। साथ ही उसने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड भी दिखाया। जब पुलिस ने उससे उसकी नियुक्ति और पद से जुड़े सवाल किए तो वह सकपका गया, जिसके बाद वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
आईडी और दस्तावेजों पर शक होने के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पूरा मामला खुल गया। कार के डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से जुड़े फर्जी कागजात और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। साथ ही कार पर लगी नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड भी पुलिस ने कब्जे में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया वह एयरगन रौब दिखाने के लिए अपने साथ रखता था। पुलिस की शुरुआती जांच में आईबी अधिकारी होने का दावा और उससे जुड़े दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। मामले में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर 24 वर्षीय मो. मोहासिब खान को गिरफ्तार कर लिया गया है. वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और फर्जी पहचान के इस्तेमाल के पीछे की पूरी कहानी खंगाल रही है।
नैनीताल एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया खुद को आईबी का अधिकारी बता कर रौब झाड़ने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। आरोपी की कार से फर्जी आइकार्ड सहित अन्य फर्जी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि, जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी। फर्जी पहचान,सरकारी पद का नाम लेकर रौब जमाने या सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
