हरिद्वार में मानवता हुई शर्मसार,सड़क किनारे मिला नवजात।
हरिद्वार:-13 सितंबर 2026
धर्मनगरी में मानवीय संवेदनाओं को तार तार करने का मामला सामने आया है। हरिद्वार में किसी ने नवजात बच्चे को सड़क किनारे मरने के लिए छोड़ दिया। सड़क किनारे पड़े मासूम बच्चे को देखकर आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। हैरानी की बात यह रही कि कई लोग नवजात को उठाने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे. इसी बीच एक स्थानीय महिला ने इंसानियत दिखाते हुए नवजात को उठाया। उसकी जान बचाने की कोशिश शुरू की. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. चाइल्ड हेल्प लाइन वालों को भी जानकारी दी गई।
सड़क किनारे नवजात मिलने का मामला हरिद्वार सिडकुल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी रविदास मंदिर मार्ग का है। स्थानीय महिला कविता ने बताया सुबह वह मौके पर पहुंची. उन्हें बच्चों की रोने की आवाज आई। नवजात सड़क किनारे पड़ा था। अन्य लोग भी बच्चे की रोने की आवाज सुनकर बाहर आए। बाहर आकर देखा तो कई लोग बच्चों को उठाने की बजाय वीडियो बना रहे थे। उन्होंने तत्काल बच्चों को अपनी गोद में उठाया। उसके ऊपर चीटियां भी चल रही थी। अंदर ले जाकर उन्होंने बच्चे की नाल काटी। बच्चे को उठाया, कपड़े से साफ किया और अपने पास रखा।इसके बाद उन्होंने 112 पर इसकी सूचना दी गई। सूचना पर सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही हेल्पलाइन 1098 पर एक कॉल से सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद नवजात को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने नवजात को चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया। टीम के अनुसार बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया वह सुरक्षित है। वहीं अब महिला का बच्चे से इतना लगाव हो गया है कि वह उसे बच्चे का अपने पास रखकर पालन पोषण करना चाहती है।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया मामला रविवार सुबह करीब चार बजे का है,सुबह बच्चे के रोने की आवाज सुनकर लोग बाहर आ गये. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम को भी बुलाया गया। बच्चे के माता पिता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल बच्चे को चाइल्ड हेल्पलाइन भेज दिया गया है।
