हरिद्वार में लिव-इन में रह रही युवती पर चली गोली,पार्टनर को मारने पहुंचे थे हमलावर।

हरिद्वार में लिव-इन में रह रही युवती पर चली गोली,पार्टनर को मारने पहुंचे थे हमलावर।

हरिद्वार:-19 सितंबर 2026

हरिद्वार जिले से फायरिंग की एक घटना सामने आ रही है। मायापुर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में लिव-इन में रह रही एक युवती गोली लगने से घायल हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक उसके साथी को निशाना बनाने के इरादे से वहां पहुंचे थे। इसी दौरान हुई फायरिंग में युवती गोली की चपेट में आ गई। घायल युवती को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार युवती की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात कुछ युवक मायापुर की वाल्मीकि बस्ती पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनका निशाना अंश नाम का युवक था, जिसके साथ घायल युवती रहती थी। आरोप है कि इसी दौरान अंश पर गोली चलाई गई। फायरिंग के वक्त युवती बीच में आ गई और गोली उसे लग गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घायल युवती का नाम केशर बताया गया है। वह हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, अंश के खिलाफ पहले से कुछ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, फायरिंग की असली वजह क्या थी और हमलावरों का अंश से किस बात को लेकर विवाद था, इसकी जांच अभी जारी है।

हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही, वारदात के समय मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के मुताबिक, कंट्रोल रूम से फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग किसी युवक को निशाना बनाकर की गई थी, लेकिन गोली युवती को लग गई।

गोली लगने के बाद युवती को गंभीर हालत में उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया था। फिलहाल उसका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है और चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे विवाद की वजह क्या थी, वारदात में कितने लोग शामिल थे और गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी कौन है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!