हरिद्वार में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी ने किया सरेंडर।
हरिद्वार:-20 सितंबर 2026
कनखल कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। इस मामले में फरार आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश से घबराकर कोतवाली कनखल पहुंचकर सरेंडर कर दिया है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बीती 3 सितंबर को पीड़िता की मां ने कोतवाली कनखल में तहरीर दी थी। तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक युवक ने उनकी नाबालिग बेटी से दोस्ती कर उसे विश्वास में लिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फोटो वीडियो बना लिए. आरोपी इन फोटो वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग को ब्लैकमेल करने लगा।
डर के चलते नाबालिग ने आरोपी को 1 लाख रुपए दे दिए, इसके बावजूद आरोपी की पैसों की मांग जारी रही। आखिर में दुखी होकर उसने पुलिस से शिकायत की और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए और पुलिस टीम का गठन किया।पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। वो दिल्ली,नोएडा,अलीगढ़ और बरेली समेत कई स्थानों पर छिपा रहा। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश देती रही।पुलिस की कार्रवाई तेज होने के बाद आरोपी पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया। इसके बाद वो शनिवार को खुद कोतवाली कनखल पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी का नाम गौरव कुमार पुत्र धनपाल, निवासी- बफरी बुजुर्ग, थाना शाही, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) है और आरोपी वर्तमान में कनखल क्षेत्र के सगरावाला में रह रहा था। पुलिस के लगातार दबाव के चलते आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मामले में कनखल कोतवाली प्रभारी इंस्पेकर देवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि,मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और लगातार दबिश के चलते आरोपी खुद ही आत्मसमर्पण करने पहुंच गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
