बागेश्वर के कपकोट में दर्दनाक सड़क हादसा,खाई में गिरी कार,महिला की मौत,चार घायल।
कपकोट (बागेश्वर):-21 सितंबर 2026
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कपकोट-शामा मार्ग पर फरसाली के पास किरौली बेटोक के समीप एक वेगनर कार अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार वेगनर कार मुनस्यारी से दिल्ली की ओर जा रही थी। फरसाली क्षेत्र में किरौली बेटोक के पास अचानक कार के ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन को संभाल पाता, इससे पहले ही कार सड़क से बाहर निकलकर करीब 40 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।कार का नंबर (DL 9CAV 7286) बताया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। एसडीएम कपकोट अनिल चन्याल और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार, खाई में गिरी कार से सभी लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया।पुलिस टीम ने घायलों को अपने वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल कौशल्या देवी, उम्र 48 वर्ष, पत्नी रमेश सिंह टोलिया, निवासी ग्राम सरमोली, मुनस्यारी, को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में कार के ब्रेक फेल होना दुर्घटना की वजह बताई जा रही है।
दुर्घटना में घायल लोगों का नाम व पता
1- खीला देवी (49 वर्ष), पत्नी गणेश सिंह, निवासी सरमूली, मुनस्यारी
2- रमेश सिंह (54 वर्ष), पुत्र किशन सिंह, निवासी सरमूली, मुनस्यारी
3- भूपेंद्र सिंह (27 वर्ष), पुत्र स्व. गणेश सिंह, निवासी सरमूली, मुनस्यारी
4- चाहत सिंह (24 वर्ष), पुत्र स्व. गणेश सिंह, निवासी सरमूली, मुनस्यारी
सभी घायलों का कपकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
