उत्तरकाशी के आराकोट में अस्पताल की बिल्डिंग में आग लगने से बुजुर्ग महिला जिंदा जली।
उत्तरकाशी:-29 सितंबर 2026
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आ रहा है। मोरी तहसील के आराकोट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर के पुराने आवासीय भवन में अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से भवन में रह रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पार्वती जैन के रूप में हुई है, जो इसी स्वास्थ्य केंद्र से सेवानिवृत्त हुई थीं। जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से 29 सितंबर की सुबह जारी जानकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 12:58 बजे मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों को मौके पर भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक आग आराकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मौजूद पुराने आवासीय भवन में लगी थी। देखते ही देखते लपटों ने भवन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। रात का समय होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी चुनौतियां सामने आईं। स्थानीय स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टीम की जरूरत महसूस हुई।
आग पर नियंत्रण पाने के लिए उत्तराखंड के मोरी के साथ हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी अग्निशमन दल को बुलाया गया। दोनों राज्यों की फायर सर्विस टीमों ने संयुक्त प्रयास करते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार हादसे में महिला के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्वास्थ्य केंद्र से रिटायर हुई थीं पार्वती जैन
हादसे में जान गंवाने वाली पार्वती जैन की उम्र 75 वर्ष बताई गई है। वह आराकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहले कार्यरत थीं और सेवानिवृत्ति के बाद भी परिसर के पुराने आवासीय भवन में रह रही थीं। उनका मूल संबंध देहरादून से बताया गया है। स्थानीय स्तर पर मिली प्राथमिक जानकारी में बताया गया है कि घटना के समय कमरे में बिजली उपलब्ध नहीं थी। क्षेत्र में ठंड अधिक होने के कारण कमरे में आग जलाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि,आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
