माता-पिता पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी बेटा कर्णप्रयाग में गिरफ्तार,चाकू और ब्लेड बरामद।
कर्णप्रयाग (चमोली):-12 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड के चमोली जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कर्णप्रयाग कोतवाली क्षेत्र के बगोली गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही जन्मदाता माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पिता के चेहरे और सीने पर ब्लेड से ताबड़तोड़ वार किए और गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्णप्रयाग पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बगोली निवासी विक्रम सिंह पुत्र आनंद सिंह ने रविवार को कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर इस खौफनाक घटना का खुलासा किया। पीड़ित पिता ने बताया कि शनिवार की रात करीब 8 बजे उनके 27 वर्षीय पुत्र मनोज ने घर में उनके और उनकी पत्नी शांति देवी के साथ अकारण गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज ने जान से मारने की नीयत से अपने हाथ में लिए शेविंग ब्लेड से पिता के चेहरे और सीने पर कई वार कर दिए। जब पीड़ित ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। इस बीच चीख-पुकार सुनकर पीड़ित की पत्नी और आस-पास के पड़ोसी तुरंत मौके पर दौड़े और बीच-बचाव कर विक्रम सिंह की जान बचाई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनका बेटा हाथ में चाकू लेकर भी उन्हें मारने दौड़ा था और पूर्व में भी वह 3-4 बार उन पर जानलेवा हमला कर चुका है।
बुजुर्ग माता-पिता पर हुए इस जानलेवा हमले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। शिकायत के आधार पर कर्णप्रयाग कोतवाली में आरोपी मनोज के खिलाफ मु.अ.सं. 32/2026, धारा 115(2)/109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह और पुलिस टीम ने आरोपी की खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी मनोज सिंह उम्र 27 वर्ष को बगोली के पास से दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी मनोज की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक गुलाबी रंग का चाकू,दाढ़ी बनाने वाला खूनी ब्लेड और एक लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
