ग़ैरसैंण बीडीसी बैठक लगातार स्थगित होने से जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश, विधानसभा घेराव की दी चेतावनी।

ग़ैरसैंण बीडीसी बैठक लगातार स्थगित होने से जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश, विधानसभा घेराव की दी चेतावनी।

गैरसैंण:-16 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत

विकासखंड गैरसैंण की बीडीसी बैठक लगातार टलने से स्थानीय जनप्रतिनिधियों का धैर्य जवाब दे गया है। लगातार बैठकें निरस्त होने से क्षुब्ध ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने आज विकासखंड कार्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

इस मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक सभागार में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया। बैठक में मौजूद 60 से अधिक ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अधिकारियों पर गैरसैंण क्षेत्र की घोर अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बीडीसी बैठक आयोजित नही की गई व उनकी बातों को अनसुना किया गया, तो 27 अक्टूबर से भराड़ीसैण में शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान वे विधानसभा का घेराव करेंगे।

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि लगातार बैठकें निरस्त करने के जिम्मेदार अधिकारियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया जाए और सात दिनों के भीतर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाए। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि बैठकों के इस तरह बार-बार टलने से क्षेत्र के विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं और जनता की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है, जो कि बेहद चिंताजनक है।

उल्लेखनीय है की पहले 29 सितंबर को व बाद में 16 अक्टूबर को प्रस्तावित बीडीसी बैठक के अंतिम समय में स्थगित किये जाने की सूचना से गैरसैंण विकासखंड के त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का आक्रोश ब्लाक कार्यालय में जमकर फूटा। जनप्रतिनिधियों ने गैरसैंण क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए गैर जिम्मेदार अधिकारीयों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। जिसके बाद मौके पर उपस्थित बीडीओ पवन कंडारी ओर ब्लाक प्रमुख दुर्गा देवी ने नाराज प्रतिनिधियों से बातकर नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में बैठक आहूत करने की बात रखी ,जिस पर उपस्थित प्रधानगणों ओर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने 22 अक्टूबर तक,अब तक स्थगित तीन बीडीसी बैठकों को लेकर स्पष्टिकरण देने की मांग की।

ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष
मनोज नेगी ने कहा कि,लगातार बीडीसी बैठकों को स्थगित करना सरकार और प्रशासन की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।प्रशासन अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए बैठकें आयोजित नहीं करवा रहा है। उन्हें डर है कि जनप्रतिनिधि अधिकारियों से तीखे सवाल पूछेंगे, जिससे सरकार के विकास के दावों व विभागों के कामों की पोल खुल जाएगी।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमति बिष्ट ने कहा कि,यह विकास खण्ड के इतिहास में पहली बार हो रहा है जब लगातार बैठकों को इस तरह टाला गया है। बीडीसी के गठन को एक वर्ष होने जा रहा है, लेकिन गैरसैंण विकासखंड में अब तक सिर्फ एक बैठक आयोजित हो सकी है। सभी जनप्रतिनिधि खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अगर शीघ्र ही बैठक नहीं बुलाई गई, तो हम उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य ने कहा कि,विकासखंड द्वारा हर बार जिला स्तरीय अधिकारियों के न आने का बहाना बनाया जाता है। जब रोस्टर पहले से तय होता है, तो ठीक गैरसैंण की बैठक के दिन ही जिला स्तर पर दूसरी बैठकें कैसे रख दी जाती हैं? यह गैरसैंण के जनप्रतिनिधियों और यहाँ की जनता की खुली अवहेलना है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मामले को लेकर ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत ने कहा कि बैठक में सक्षम और निर्णय लेने वाले अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने बताया, मुझे जानकारी मिली है कि जिला स्तर के अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों में व्यस्त हैं,जिसके कारण उनका बीडीसी बैठक में आना संभव नहीं था। जब तक सक्षम अधिकारी बैठक में नहीं आएंगे,तब तक जनसमस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। ऐसी स्थिति में केवल खानापूर्ति के लिए बैठक करने का कोई औचित्य नहीं रह जाता। जल्द ही सभी अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित कर विधिवत बीडीसी बैठक बुलाई जाएगी।

इस दौरान प्रधान संगठन के संरक्षक दीवान राम,अध्यक्ष मनोज नेगी,पूर्व प्रमुख सुमति बिष्ट,क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य,क्षेत्र पंचायत सदस्य करन नेगी,ग्राम प्रधान अमरदीप,हुकुम सिंह,जसवंत बिष्ट,नवीन बहुगुणा,दीपक बिष्ट,कमला, सुमित्रा देवी, संगीता देवी, दर्शनी कंडारी,पूजा देवी, कमला देवी, पुष्पा देवी, शबीना,सरीता देवी, नंदी देवी, आशा देवी, बचुली देवी, अब्बल सिंह, जवाहर सिंह, विनोद मालाई, गोपाल, हीरा सिंह,हेमा भंडारी, विक्रम सिंह, सौरभ कुमार, बचन सिंह, जयवीर सिंह, शकुंतला देवी, चन्द्रगिरि, ममता बिष्ट, सरोज, लकिता नेगी, गीता नेगी, राजेन्द्र सिंह, इंद्र सिंह, शोभा देवी, सुला देवी, नरेंद्र सिंह, अमित सिंह, सचिन, सूरज सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!