रुद्रप्रयाग में केदारनाथ हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटा टेम्पो ट्रैवलर, वाहन में सवार सभी 16 लोग घायल।

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटा टेम्पो ट्रैवलर, वाहन में सवार सभी 16 लोग घायल।

रुद्रप्रयाग:- 17 अक्टूबर 2026

केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां पीडब्ल्यूडी तिराहे के समीप एक टेम्पो ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के वक्त वाहन में चालक समेत कुल 16 लोग सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन में मौजूद सभी लोग चोटिल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग को शनिवार दोपहर को सूचना मिली कि केदारनाथ हाईवे पर एक दिल्ली नंबर का टेम्पो ट्रैवलर वाहन संख्या (DL 01 VC 6074) अचानक अपना संतुलन खो बैठा और पलट गया। वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। गाड़ी में चालक सहित कुल 16 लोग सवार थे, जिनमें 8 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं।

हादसे की खबर मिलते ही रुद्रप्रयाग पुलिस तत्काल एक्शन में आई और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तुरंत डीडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा को अलर्ट किया।घटनास्थल पर डीडीआरएफ टीम, स्थानीय पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी और 108 आपातकालीन स्वास्थ्य कर्मियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। टीमों ने तेजी से काम करते हुए वाहन के भीतर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

राहत एवं बचाव टीम द्वारा दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके तुरंत बाद, बेहतर और अग्रिम इलाज के लिए सभी 16 घायलों को 108 एम्बुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया,जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। रुद्रप्रयाग पुलिस प्रशासन अन्य संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है ताकि घायलों को समय पर त्वरित और उचित इलाज मिल सके। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!