सीएम धामी के आदेशों को ठेंगा: गैरसैंण में चंद घंटों में उखड़ा NH का पेंच वर्क,भड़के नगर पंचायत अध्यक्ष।

सीएम धामी के आदेशों को ठेंगा: गैरसैंण में चंद घंटों में उखड़ा NH का पेंच वर्क,भड़के नगर पंचायत अध्यक्ष।

एसडीएम कार्यालय से 5 मीटर की दूरी पर उखड़ा पेंचवर्क,एसडीएम गैरसैंण गहरी नींद में,कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।

गैरसैंण:- 17 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘गड्ढा मुक्त सड़क’ अभियान को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग (NH) किस तरह पलीता लगा रहा है, इसकी एक जीती-जागती बानगी प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री ने सूबे की सभी सड़कों को 15 अक्टूबर तक हर हाल में गड्ढा मुक्त करने के कड़े निर्देश दिए थे।लेकिन एनएच विभाग गैरसैंण में अब तक सड़क को गड्ढा मुक्त नहीं कर पाया है। सरकार जनता की गाढ़ी कमाई के टैक्स के पैसे से विभाग को करोड़ों का बजट भी दे रही है,लेकिन धरातल पर अफसरों और ठेकेदारों की जुगलबंदी इस मुहिम को नाकाम करने में जुटी है।

रात में हुआ काम, सुबह उखड़ी सड़क

वर्षों से बदहाली के आंसू रो रही गैरसैंण की मुख्य सड़क को सुधारने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने मुख्यमंत्री के आदेशों के दबाव में आकर काम तो शुरू किया, लेकिन इसकी गुणवत्ता ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डामरीकरण की बात तो दूर, विभाग पैच वर्क का काम भी ईमानदारी से नहीं कर पा रहा है। बीती रात गैरसैंण मुख्य बाजार सहित तहसील कार्यालय के बिल्कुल बराबर में जो पेंच वर्क किया गया था, वह महज कुछ ही घंटों के भीतर ही उखड़कर बिखर गया। सुबह होते ही सड़क पर बिछाई गई रोड़ी और तारकोल अलग हो गए, जिससे स्थानीय व्यापारियों और जनता में भारी आक्रोश है।

एसडीएम गैरसैंण गहरी नींद में,कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

वहीं बड़ा सवाल ये भी उठ रहा है कि जिस विकासखण्ड के सबसे बड़े अधिकारी के कार्यालय से महज पांच मीटर की दूरी पर इस प्रकार का कार्य हुआ है और एसडीएम खुद इस बात से अनजान बने हुए हैं।जो कि एसडीएम गैरसैंण की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े करता है।

सुधार न हुआ तो करेंगे आंदोलन: मोहन भंडारी

खराब कार्यप्रणाली को लेकर नगर पंचायत गैरसैंण के अध्यक्ष मोहन भंडारी ने विभाग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि,गैरसैंण क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे भरने का काम बेहद घटिया और निम्न स्तर का किया जा रहा है। चंद घंटों में सड़क का उखड़ जाना भ्रष्टाचार और लापरवाही का साफ सबूत है। मोहन भंडारी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन पर सख्त आपत्ति दर्ज कराई है।अधिकारी ने आश्वस्त किया है कि उखड़े हुए सभी स्थानों पर दोबारा पेंच वर्क किया जाएगा और इसके तुरंत बाद पूरी सड़क का डामरीकरण भी होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष ने साफ चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने अतिशीघ्र गुणवत्ता में सुधार कर उचित कार्रवाई नहीं की गई,तो वे जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

ठेकेदार को दोबारा काम के निर्देश: अधिशासी अभियंता

दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग 109 (NH-109) के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय ने मामले पर सफाई दी है। उन्होंने स्वीकार किया कि गैरसैंण नगर में पेंच वर्क उखड़ने की शिकायतें मिली हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई गई है और तुरंत दोबारा पेंच वर्क शुरू करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं.अधिशासी अभियंता ने दावा किया कि फिलहाल केवल बड़े गड्ढों को भरकर सड़क को चलने लायक बनाया जा रहा है,और जल्द ही इस पूरे मार्ग पर नए सिरे से डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा.

अब देखना ये होगा कि विभाग केवल बयानों तक सीमित रहता है या धरातल पर गैरसैंण की जनता को इस बदहाल सड़क से स्थायी निजात दिला पाता है।

बताते चलें कि, कुछ दिनों पूर्व मेहलचौरी बाजार में भी बरसात के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा था।हालांकि,पेचवर्क की गुणवत्ता में लापरवाही बरतने पर स्थानीय व्यापारियों ने कड़ी आपत्ति जताई और विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। जिसके बाद दुबारा पेंचवर्क का काम करवाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!