विधानसभा सत्र से गैरसैंण वासियों को जिला बनने की आस,बजट सत्र में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने सदन में उठाया था मुद्दा।
गैरसैंण:-26 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला
ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण-गैरसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र के दौरान गैरसैंण को जिला घोषित किए जाने की उम्मीदें बढा गयी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि राज्य सरकार अपने मौजूदा कार्यकाल के अंतिम विधानसभा सत्र में जिले की घोषणा कर वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर सकती है।
दरअसल, विगत मार्च में आयोजित बजट सत्र के दौरान कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान गैरसैंण के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था । उन्होंने ग्रीष्मकालीन राजधानी में हो रहे विकास कार्यों को भविष्य में स्थायी राजधानी की नींव बताते हुए गैरसैंण को जिला बनाए जाने की मांग भी पुरजोर तरीके से रखी थी।
बजट सत्र के दौरान विधायक अनिल नौटियाल ने गैरसैंण को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा को लेकर सरकार का आभार जताया था। उन्होंने नंदा देवी राजजात यात्रा को देखते हुए नई सड़कों के निर्माण, सड़कों के सुधारीकरण सहित गैरसैंण,कर्णप्रयाग ओर गौचर में पार्किंग निर्माण के कार्यों को स्वीकृति मिलने का भी उल्लेख किया था। इसके साथ ही गैरसैंण से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए केंद्र सरकार से धनराशि स्वीकृत होने पर भी आभार व्यक्त किया था। उन्होंने गैरसैंण-सिलकोट पेयजल योजना,देबलीबगढ़-सोनला पेयजल योजना तथा कर्णप्रयाग के बहुगुणा नगर में भू धंसाव प्रबन्धन सहित भराड़ीसैंण में पूर्व में स्थापित विदेशी पशु प्रजनन केंद्र को बदरी गाय के संरक्षण एवं संवर्धन की इकाई के रूप में विकसित करने के लिए 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी सदन में दी थी। तब उन्होंने गैरसैंण क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए रामगंगा नदी पर प्रस्तावित झील का निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई थी।साथ ही क्षेत्र के विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों पर बने पुलों के एप्रोच मार्गों का निर्माण किए जाने, टेटुड़ा-नैणी मोटर मार्ग के सुधारीकरण ,उप जिला चिकित्सालय गैरसैंण में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी विधायक ने उठाई थी।
बजट सत्र के दोरान विधायक अनिल नौटियाल ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में चल रहे विकास कार्यों पर उम्मीद जताते हुए कहा था कि भविष्य में गैरसैंण स्थायी राजधानी के रूप में विकसित होगा। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की जनभावनाओं और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए गैरसैंण को जिला बनाए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई थी।
