रुद्रपुर में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव,युवक का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले,जांच में जुटी पुलिस।
रुद्रपुर:-31 अक्टूबर 2026
उधमसिंह नगर के रुद्रपुर में रिंग रोड के नीचे रेलवे ट्रैक के पास करीब 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पुलिस ट्रेन से कटने के कारण युवक की मौत होने की आशंका जता रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना के मुताबिक, रिंग रोड के नीचे रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों के माध्यम से पुलिस को मिली थी।बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक के एक ओर युवक का धड़ पड़ा हुआ था, जबकि दूसरी ओर उसका सिर मिला। शव की इस स्थिति को देखकर मौके पर पहुंचे लोग भी हैरान रह गए।घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस के साथ पंतनगर-सिडकुल प्रभारी निरीक्षक हेमंत कठैत भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि युवक की मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि,प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
