पौड़ी के ओजली गांव में गुलदार ने ली मासूम की जान,7 साल की बच्ची की मौत से दहशत में ग्रामीण।

पौड़ी के ओजली गांव में गुलदार ने ली मासूम की जान,7 साल की बच्ची की मौत से दहशत में ग्रामीण।

पौड़ी गढ़वाल:-03 नवंबर 2026

पौड़ी गढ़वाल जिले में वन्यजीवों का खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। खांडूसैंण क्षेत्र के ओजली गांव में गुलदार ने सात वर्षीय मासूम बालिका पर हमला कर उसकी जान ले ली है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। गुलदार के हमले की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। काफी तलाश के बाद बालिका का शव बरामद कर लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है।

मासूम की मौत के बाद ओजली और आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। खासकर बच्चों और महिलाओं को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। घटना के बाद लोगों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गुलदार के खतरे से स्थायी राहत दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि ग्रामीण बिना किसी डर के अपने घरों से बाहर निकल सकें। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष की गंभीरता को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!