राज्य आंदोलनकारी व सदस्य जिला पंचायत सुरेश कुमार बिष्ट ने क्षेत्रीय समस्याओं के निदान को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र।
भराड़ीसैण (गैरसैंण):-09 नवंबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैण (गैरसैंण) में क्षेत्रीय विकास और जनसमस्याओं को लेकर वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी और जिला पंचायत सदस्य सुरेश कुमार बिष्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की विभिन्न बुनियादी समस्याओं के त्वरित निदान के लिए एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। उन्होंने मांग पत्र में गैरसैंण और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ी प्रमुख मांगों को प्राथमिकता के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जिला बनाने की मांग।
सुरेश कुमार बिष्ट ने मुख्यमंत्री को बताया कि गैरसैंण में वर्तमान स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाली के दौर से गुजर रही हैं। स्थानीय जनता को बेहतर इलाज के लिए दूरदराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने गैरसैंण अस्पताल में अल्ट्रासाउंड तकनीशियन सहित सभी रिक्त पड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर तत्काल नियुक्ति करने की पुरजोर मांग की। इसके साथ ही, क्षेत्र के प्रशासनिक और आर्थिक विकास की गति को तेज करने के लिए लंबे समय से लंबित गैरसैंण को जिला घोषित करने की मांग को भी प्रमुखता से दोहराया गया। चिकित्सा क्षेत्र में ही, कुनिगाड में आयुर्वेदिक अस्पताल के भवन का निर्माण यथाशीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया गया।
सड़क कनेक्टिविटी और डामरीकरण का विस्तार
क्षेत्रीय यातायात और ग्रामीण कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए मांग पत्र में कई सड़कों के निर्माण और सुधार की बात कही गई, जिनमें ये मांगे शामिल हैं⤵️
• गोगनानी-तीमुलपानी सड़क, घंडियाली गांव सड़क और सरोवर गांव तक सड़क मार्ग का निर्माण कार्य।
• दुर्गा देवी-खजूरखाल मोटर मार्ग के दूसरे चरण के कार्य को तुरंत शुरू करने की मांग।
• निगलनी तक सड़क का डामरीकरण और बाटाधार-देवस्थान सड़क को जल्द से जल्द वित्तीय व प्रशासनिक मंजूरी देना।
खेल मैदानों का सुदृढ़ीकरण और झूला पुलों का निर्माण
युवाओं को खेल के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए मेहलचोरी क्रीड़ा मैदान के सुदृढ़ीकरण तथा रोहिड़ा न्याय पंचायत में एक नए खेल मैदान के निर्माण की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए मेहलचोरी श्मशान घाट और बिसराखेत में झूला पुलों के निर्माण का आग्रह भी मुख्यमंत्री से किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
