शराबी ने बेकाबू कार से मचाया तांडव,कई गाड़ियां चपेट में,लोग हुए घायल।
हल्द्वानी:-28 जून 2026
शहर में उस वक्त अफरा- तफरी माहौल हो गया जब एक शराबी ने अपनी बेकाबू कार से कहर बरपा दिया कई लोगों को टक्कर मार दी।
खबर हल्द्वानी शहर के कालाढूंगी रोड से है । कालाढूंगी रोड पर रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपा दिया। जेल रोड चौराहा के पास यूनियन बैंक के सामने से अनियंत्रित हुई कार ने रिलैक्सो शोरूम के पास तक कई दोपहिया वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी।
हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को भी चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक ने करीब तीन से चार बाइक और राहगीरों को टक्कर मारी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोगों को पहले लगा मानो ट्रांसफॉर्मर फट गया हो।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कई लोगों की भीड़ जुट गई। कार संख्या (UK04AP-9153) चला रहे पंकज जोशी को आक्रोशित लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। कार से पंकज जोशी को जब लोगों ने बाहर खींचा तो वो शराब के नशे में इतना धुत था कि उसे अपना होश नहीं था। उसे इस बात का भी अफसोस नहीं था कि उसने चंद लम्हे पहले ही सड़क पर जो तांडव मचाया है उसने एक महिला की जिन्दगी में खतरे में डाल दिया है और दो-.चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बिजली के पोल से कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए और इसी वजह से चालक पंकज जोशी की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। कोतवाल विजय मेहता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे, चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया और कार को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
