बद्रीनाथ धाम में बदला मौसम,चोटियों पर जमी बर्फ की सफेद चादर,कड़ाके की ठंड के बीच खूबसूरत हुआ नजारा
बद्रीनाथ (चमोली)-02 नवंबर 2026
भू-वैकुंठ नगरी भगवान बद्रीनाथ के धाम में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है.बीती रात बद्रीनाथ धाम और आसपास के ऊंचे हिमालई क्षेत्रों में सीजन की ताजा बर्फबारी हुई है, जिसके बाद पूरी भ्यूंडार घाटी और नर-नारायण पर्वत बर्फ की सफेद चमकदार चादर से ढक गए हैं. इस ताजा बर्फबारी से जहां एक ओर पूरा धाम अलौकिक और बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है, वहीं दूसरी ओर निचले इलाकों के तापमान में भारी गिरावट आने से कड़ाके की ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
चमोली जनपद के इस उच्च हिमालई क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बाद बर्फीली और तेज सर्द हवाएं चल रही हैं. धाम में ठिठुरन अत्यधिक बढ़ जाने के कारण स्थानीय निवासियों,हक-हकूकधारियों और तीर्थ पुरोहितों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है. ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं.मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का यह दौर और तेज हो सकता है, जिससे तापमान शून्य से नीचे जाने की संभावना है.
शीतकाल के लिए कपाट बंद होने की तारीख 16 नवंबर नजदीक आने के बीच, धाम में मौजूद श्रद्धालु इस बदलते मौसम को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं.वहीं,चारों ओर बर्फ से ढकी पहाड़ियों और मंदिर परिसर के ऊपर तैरते बादलों के मनमोहक व विहंगम नजारे का देश-विदेश से पहुंचे तीर्थयात्री जमकर आनंद ले रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान बद्रीविशाल के दर्शनों के साथ-साथ प्रकृति का यह अलौकिक रूप देखना उनके लिए किसी दिव्य अनुभव से कम नहीं है. कपाट बंद होने से ठीक पहले धाम का यह प्राकृतिक सौंदर्य श्रद्धालुओं का मन मोह रहा है।
