चारधाम यात्रा:-यात्रा प्रारंभ से पूर्व बद्रीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद,एटीएस तैनात।
बद्रीनाथ धाम (चमोली)- 20 अप्रैल 2026
आगामी 23 अप्रैल से शुरू होने जा रही बद्रीनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत चमोली पुलिस द्वारा बद्रीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था को पूर्णतः सुदृढ़ एवं अलर्ट मोड पर रखा गया है। यात्रा के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
बद्रीनाथ धाम क्षेत्र में संभावित भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए बहु-स्तरीय सुरक्षा प्लान लागू किया गया है.सभी प्रवेश मार्गों, प्रमुख स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं. सबसे अहम, आतंकवादी निरोध दस्ता (एटीएस) ने मोर्चा संभाल लिया है। एटीएस की तैनाती के साथ ही सुरक्षा के स्तर को और बेहतर किया गया है।
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से निश्चिंत होकर यात्रा करने की अपील करते हुए कहा कि,बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।
वहीं,कहा कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें. चमोली पुलिस ने कहा कि वो चारधाम यात्रा को सुरक्षित,सुगम बनाने के लिए पूरी मुस्तैदी से तैनात है।
बता दें कि 19 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चार धाम यात्रा का आगाज हो गया है।वहीं,केदारनाथ धाम की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली कल शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धाम के लिए रवाना हो गई है। 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड स्थित गौरीमाई मंदिर गौरीकुंड पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम निर्धारित है, जबकि 21 अप्रैल को डोली पुनः प्रस्थान कर केदारनाथ धाम पहुंचेगी और मंदिर भंडार में विराजमान होगी.22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जिसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा। वहीं,बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे।
