तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी,बड़ा हादसा टला,कई घायल।
टिहरी:- 01 जून 2026
टिहरी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जौलांगी के पास सोमवार को तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 18 यात्री, 2 कुक, 1 चालक और 1 परिचालक शामिल थे। यह बस गंगोत्री से केदारनाथ धाम की ओर जा रही थी। दुर्घटना चंबा मार्ग पर कांडीखाल से लगभग तीन किलोमीटर आगे जौलांगी के निकट हुई,जहां बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है।
राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
