हिमालय की दुर्गम राहों पर दिखा साइकिलिस्टों का रोमांच और जज्बा: चमोली से होकर रुद्रप्रयाग की ओर बढ़ा ‘अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026’ का कारवां।

हिमालय की दुर्गम राहों पर दिखा साइकिलिस्टों का रोमांच और जज्बा: चमोली से होकर रुद्रप्रयाग की ओर बढ़ा ‘अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026’ का कारवां।

चमोली:- 22 नवंबर 2026

हिमालय की खूबसूरत वादियों, घुमावदार पहाड़ी रास्तों और खड़ी चढ़ाइयों के बीच साइकिल पर सवार होकर प्रकृति की चुनौतियों को पार करना साहस और दृढ़ संकल्प की अनूठी मिसाल है। इसी रोमांच को समर्पित अंतरराष्ट्रीय स्तर के ‘पांचवें अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026’ का कारवां आज रविवार को चमोली जनपद की दुर्गम राहों से होते हुए अगले पड़ाव की ओर रवाना हुआ।

20 नवंबर से शुरू हुई यह प्रतिष्ठित माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता उत्तराखंड के 10 जनपदों से होकर लगभग 658 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी तय करेगी और आगामी 26 नवंबर को पहाड़ों की रानी मसूरी में संपन्न होगी। इस रोमांचक स्पर्धा में देश के करीब 18 राज्यों से आए दिग्गज माउंटेन साइकिलिस्टों के साथ-साथ विदेशी प्रतिभागी भी हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जांबाज साइकिलिस्ट भी अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन और साहस का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन आज साइकिलिस्टों का दल बैजनाथ और ग्वालदम होते हुए चमोली जनपद में दाखिल हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों ने थराली, नारायणबगड़ और कर्णप्रयाग के कठिन व मनोरम रास्तों को पार किया। चमोली जिले की सीमा को सफलतापूर्वक पार करने के बाद यह दल अपने अगले पड़ाव तिलवाड़ा (जनपद रुद्रप्रयाग) के लिए रवाना हो गया। रास्ते भर स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने उत्साहवर्धन कर साइकिलिस्टों का स्वागत किया।

साइकिलिस्टों की इस साहसिक यात्रा को सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। प्रतिभागियों के जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस टीम द्वारा पूरे दल को विशेष सुरक्षा एस्कॉर्ट प्रदान किया गया। यात्रा मार्ग में पड़ने वाले भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों, तिराहों और संवेदनशील मोड़ों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस कर्मियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा,जिससे साइकिलिस्टों को कहीं भी अनावश्यक रुकावट का सामना नहीं करना पड़ा और वे पूरी सुरक्षा के साथ अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!