पीपलकोटी में दर्दनाक हादसा: पहाड़ी से गिरकर एचसीसी (HCC) कर्मचारी की मौत,एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाकर बरामद किया शव।
चमोली :- 22 नवंबर 2026
चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन परियोजना में कार्यरत हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) के एक कर्मचारी की मौत हो गई। कर्मचारी के लापता होने की सूचना पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर आज सुबह उसका शव बरामद कर लिया। प्रारंभिक जांच में कर्मचारी की मौत पहाड़ी से गिरने के कारण होना सामने आया है।
आपदा प्रबंधन एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की रात्रि को जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) के माध्यम से एसडीआरएफ पोस्ट जोशीमठ को सूचना मिली कि पीपलकोटी क्षेत्र में एचसीसी कंपनी का एक कर्मचारी नदी के आसपास लापता हो गया है। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी महेश ऐठानी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तत्काल आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर जवानों ने रात के घुप अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच नदी किनारे और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, रात में दृश्यता बेहद कम होने के कारण टीम को सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद आज रविवार, 22 नवंबर की सुबह प्रकाश होते ही एसडीआरएफ टीम ने पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने लापता कर्मचारी का शव बरामद कर लिया।
असम का रहने वाला था मृतक कर्मचारी
प्रारंभिक जानकारी और घटनास्थल के निरीक्षण के अनुसार, युवक पहाड़ी से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया था, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। एसडीआरएफ के जवानों ने शव को दुर्गम स्थान से बाहर निकालकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतक की पहचान मोहन लोहार पुत्र बुद्धू लोहार, निवासी सोनितपुर, असम के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों और कंपनी प्रबंधन को दे दी है।
