इंस्पायर अवार्ड को चमोली में शत-प्रतिशत नामांकन।
चमोली:-17 सितंबर 2026
रिपोर्ट-रजपाल बिष्ट
विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में जनपद चमोली के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में जिले के सभी पात्र विद्यालयों ने शत-प्रतिशत नामांकन कराया है। यू-डाइस में पंजीकृत 520 राजकीय, अशासकीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 2518 छात्र-छात्राओं के नवाचारी आइडिया इंस्पायर पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं।
जिला इंस्पायर अवार्ड मानक समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि विद्यालयों ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट एवं समाजोपयोगी नवाचारों का चयन कर निर्धारित अंतिम तिथि 15 सितंबर तक पोर्टल पर नामांकन कराया। शत-प्रतिशत नामांकन जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
‘समस्या से समाधान तक सोचेंगे’ विद्यार्थी इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करना है। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी अपने आसपास की दैनिक एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए नए विचार प्रस्तुत करते हैं। विद्यालय स्तर पर चयनित आइडिया पोर्टल पर अपलोड किए जाते हैं। इसके बाद नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन उत्कृष्ट विचारों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन करता है।
चयनित विद्यार्थियों को अपने आइडिया को मॉडल या प्रोटोटाइप में विकसित करने के लिए भारत सरकार की ओर से 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उत्कृष्ट नवाचारों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताओं में प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलता है। गंभीर असवाल ने बताया कि योजना विद्यार्थियों को किसी समस्या को पहचानने और उसके वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक समाधान के बारे में सोचने का अवसर देती है। जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन पर मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत ने जिला व ब्लॉक समन्वयकों, संस्थाध्यक्षों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
