SOG व हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता, 66 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार।
हल्द्वानी-15 अप्रैल 2026
नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार असर दिखा रहा है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी टीम ने 66 लाख से अधिक कीमत की 221 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दो और तस्करों को भी पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हल्द्वानी में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है।एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशों पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है, इसी क्रम में एसओजी टीम और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी विजय सिंह नेगी निवासी बैडा थाना द्वाराहाट के कब्जे से 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। जिसकी कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही 14 हजार 520 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। इसके अलावा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो और तस्करों को गिरफ्तार किया है।
वहीं दूसरी ओर कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में राजपुरा से गुलशन नामक आरोपी को 4.18 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। वनभूलपुरा थाना क्षेत्र में मेराज अली को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। मेराज अली के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं,पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी द्वारा टीम को पुरस्कृत भी किया गया है. एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया कि लाखों की स्मैक के साथ साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
