कीर्ति चक्र से सम्मानित रानों गांव के शहीद एनएसजी कमांडो सुरजन सिंह भंडारी की पुण्य स्मृति में श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें दी गई श्रद्धांजली।
पोखरी (चमोली)- 19 मई 2026
रिपोर्ट – ललिता प्रसाद लखेड़ा
जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी के तहत ग्राम रानों के कीर्ति चक्र से सम्मानित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) कमांडो की पुण्य स्मृति में उनकी वीरता को नमन करते हुऐ पारिवारिक जनो सहित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उनके स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुऐ श्रद्धांजलि दी गई।
गौरतलब है कि 24 सितंबर 2002 को गुजरात के अक्षरधाम मंदिर पर हुऐ आतंकी हमले में ऑपरेशन का हिस्सा बने उस कठिन घड़ी में गढ़वाल स्काउट से एनएसजी कमांडो में डेपुटेशन पर आऐ 25 वर्षीय सुरजन सिंह भंडारी ने बिना अपनी जान की परवाह किए आतंकवादियों से सीधे मोर्चा लिया। मुठभेड़ के दौरान आतंकियों की गोली उनके सिर में लगी, जो ब्रेन स्टेम में फंस गई। और वे गम्भीर रूप से घायल हो गये, लेकिन उनकी बहादुरी की वजह से सैकड़ों निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकी। उस हमले में कई लोग शहीद हुऐ,लेकिन एनएसजी कमांडो सुरजन सिंह भंडारी ने आतंकवादियों को मार गिराकर ऑपरेशन को सफल बनाया। घायल अवस्था में उन्हें पहले अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां कई जटिल सर्जरी हुई। बाद में उन्हें एम्स दिल्ली शिफ्ट किया गया। वहां वे लम्बे समय तक वेंटिलेटर पर रहे और करीब 600 दिनो तक कोमा में ज़िन्दगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे। उनकी बहादुरी और अदम्य साहस को देखते हुऐ भारत सरकार ने कीर्ति चक्र से सम्मानित किया।
मंगलवार को कीर्ति चक्र से सम्मानित सुरजन सिंह की पुण्य स्मृति में शहीद की माता सुरेशी देवी,बद्रीनाथ के विधायक लखपत सिंह बुटोला, नगरपालिका गौचर के पूर्व अध्यक्ष मुकेश नेगी,ग्राम प्रधान रानो कल्पेश्वरी देवी भंडारी, पीपी कैप्टन गजेन्द्र सिंह भंडारी, सुबेदार गोविंद सिंह भंडारी, पारिवारिक जनो में लक्ष्मी देवी, बचन सिंह भंडारी, पुष्कर सिंह, पंकज भंडारी, सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भंडारी, सरपंच विनोद सिंह भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य उत्तम सिंह भंडारी, श्रीमती काजल भंडारी, मुकेश भंडारी आदि ने उनके शहीद स्मारक पर एकत्रित होकर उनकी बहादुरी को याद करते हुऐ श्रद्धासुमन के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।
