यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग मामले में नैनीताल पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, हिरासत में हथियारबंद चार बाउंसरों के साथ भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे।

यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग मामले में नैनीताल पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, हिरासत में हथियारबंद चार बाउंसरों के साथ भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे।

नैनीताल- 19 मई 2026

यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के हाई प्रोफाइल मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग नेटवर्क चलाने के आरोप हैं। पुलिस ने उसके साथ मौजूद चार बाउंसरों को भी हिरासत में लिया है।

नैनीताल जिले में चर्चित यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोप मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को हिरासत में ले लिया है। मंगलवार सुबह तल्लीताल पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए नरेश पांडे को उसके चार बाउंसरों के साथ हिरासत में लेते हुए पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस के मुताबिक,आरोपी के खिलाफ मल्लीताल कोतवाली में शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी और यौन शोषण का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि नरेश पांडे महिलाओं और युवतियों को अपने जाल में फंसाता था और बाद में उनका वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करता था। मामले में पुलिस को एक संगठित नेटवर्क होने की भी आशंका है।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी के साथ चार काले कपड़े पहने हथियारबंद बाउंसर भी मौजूद थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कितने लोगों को इसका शिकार बनाया गया?

एसएसपी, नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि,तल्लीताल कोतवाली में एक युवती ने तहरीर दी थी। जिसमें युवती ने आरोप लगाया था कि एक व्यक्ति शारीरिक, आर्थिक और मानसिक रूप से उत्पीड़न कर रहा है, जिसके ऊपर कई मुकदमे भी दर्ज हैं। इस शिकायत पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस की जांच और स्थानीय लोगों की ओर से पता चला कि यह व्यक्ति नरेश पांडे महिलाओं को आगे करता था। इन महिलाओं को लड़कों से संबंध बनवाता था। फिर उनका वीडियो बना लेता था। इसके बाद वो लड़कों और उनके परिवार वालों को ब्लैकमेल करता था। यह प्रक्रिया वो रैकेट की तरह करता था।

मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल ने कहा कि,आज सुबह यौन और शारीरिक उत्पीड़न के आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में पता चला है कि वो अवैध तरीके से अपने साथ तथाकथित चार बाउंसरों को भी रखता था. उन्हें भी हिरासत में लिया गया है।उनके पास पीएसओ और सिक्योरिटी गार्ड का लाइसेंस है या नहीं, उसकी जांच की जा रही है। साथ ही शस्त्र लेकर समाज में भय और आतंक फैलाने के मामले में उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!