भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सात जिलों में चेतावनी,पिथौरागढ़ में स्कूल बंद।
उत्तराखंड-04 मई 2026
उत्तराखंड में मौसम बिगड़ गया है। रविवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा। लगातार हो रही बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल चंपावत और उधमसिंह नगर में मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की आशंका है। इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिथौरागढ़ में छुट्टी घोषित⤵️
लगातार मूसलाधार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए Ashish Bhatgain ने सोमवार को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है।
पहाड़ से मैदान तक बदला मौसम⤵️
राज्य के सभी 13 जिलों में रविवार को बारिश दर्ज की गई, अल्मोड़ा नैनीताल और देहरादून में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। देहरादून में दिन के समय ही काले बादलों के कारण शाम जैसा अंधेरा छा गया। वहीं,उत्तरकाशी में बारिश के चलते गंगोत्री नेशनल हाईवे पर अचानक पहाड़ी से झरने की तरह पानी बहने लगा। तेज बहाव को देखकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
नैनीताल और हल्द्वानी में लगातार बारिश⤵️
नैनीताल जिले में रविवार से शुरू हुआ बारिश का दौर लगातार जारी है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है।
हल्द्वानी समेत कई मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई जगह सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?⤵️
5 मई
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार।
6 मई
पर्वतीय जिलों में बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान।
7 मई
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
