पांच दिवसीय कृषि उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले के दूसरे दिन पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी रहे बतौर मुख्य अतिथि।
संस्कृतिक संध्या रही लोकगायक दर्शन फर्स्वाण व पूनम सती के नाम।
गैरसैंण:- 05 नवंबर 2026
गैरसैंण में आयोजित पांच दिवसीय कृषि उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले के दूसरे दिन पूर्व विधायक कर्णप्रयाग सुरेंद्र सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह नेगी द्वारा द्वीप प्रज्वलित कर मेले के द्वितीय दिवस का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मेला कमेटी द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में,पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्कर सिंह रावत,टीका प्रसाद मैखुरी व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार मौजूद रहे।
मेले के द्वितीय दिवस पर बैडमिंटन प्रतियोगिता के आयोजन के साथ ही विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतीयां दी गयी।मेले की सांस्कृतिक संध्या लोक गायक दर्शन फर्सवाण व पूनम सती के नाम रही, इस दौरान लोकगायकों के लोक गीतों पर देर शाम तक मेलार्थी जमकर थिरकते रहे।
इस अवसर पर मेलार्थियों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा की वर्ष 2017 में भाजपा ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने का वादा किया था तथा उनकी परिकल्पना थी कि प्रतिवर्ष तीन से चार माह गैरसैंण से शासन संचालित हो,जिससे क्षेत्र में रोजगार एवं विकास को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय निर्माण हेतु लगभग 53 करोड़ रुपये स्वीकृत होने तथा कार्यदायी संस्था को तीन करोड़ रुपये दिए जाने के बावजूद पांच वर्ष से अधिक समय से निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, जिसके लिए उन्होंने नौकरशाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि नौकरशाही नहीं चाहती कि गैरसैंण राजधानी हो। कहा कि भूमि हस्तांतरण में देरी को लेकर उनके द्वारा मुख्य सचिव को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
चेतावनी देते हुए नेगी ने कहा कि यदि मिनी सचिवालय का निर्माण शीघ्र प्रारंभ नहीं हुआ तो कानूनी विशेषज्ञों से परामर्श लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी, ताकि निर्माण में बाधा डालने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि गैरसैंण में 125 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित झील का शिलान्यास हो चुका है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन एवं स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है और यह गैरसैंण के विकास के लिए प्रथम कदम है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत, मेला संयोजक महावीर रावत,पूर्व प्रमुख जानकी रावत,पूर्व प्रमुख शशी सौंरियाल,पान सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।
