हल्द्वानी में बवालबाजी करने वाले 20 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

हल्द्वानी में बवालबाजी करने वाले 20 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

हल्द्वानी:-08 अगस्त 2026

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र के पीली कोठी चौराहे के पास देर रात दो गुटों के बीच विवाद के बाद सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 20 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त की देर रात पीली कोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने और सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बनने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल जगदीश चंद्र ने अधिकारियों को घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल 20 लोगों की पहचान की। पुलिस ने सभी 20 लोगों के खिलाफ धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की। इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत सभी 20 लोगों का चालान करते हुए कुल 10,000 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की जांच में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। वहीं, मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान अगर मारपीट या किसी अन्य दंडनीय गतिविधि के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी तरह के विवाद, अफवाह या हुड़दंग की स्थिति पैदा करने से बचें। पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!