पीआरडी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी 35 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार।
रुड़की (हरिद्वार):-18 अगस्त 2026
रुड़की के मंगलौर के नारसन ब्लॉक में देहरादून की सतर्कता विभाग की टीम ने पीआरडी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप को कथित तौर पर 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया. विजिलेंस की अचानक हुई कार्रवाई से ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया।
दरअसल, ग्राम मुंडियकी निवासी व्यक्ति ने सतर्कता विभाग में शिकायत की थी कि ब्लॉक से जुड़े एक काम को कराने के एवज में पीआरडी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप द्वारा उससे 35 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। 18 अगस्त को देहरादून से पहुंची सतर्कता विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को कथित तौर पर 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कुलदीप के पास से 500-500 के 35 हजार के नोट बरामद हुए हैं।
गिरफ्तारी की कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम ने ब्लॉक परिसर में ही आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी, साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।विजिलेंस की इस कार्रवाई से नारसन ब्लॉक परिसर में मौजूद कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी मची है।
बता दें कि आज ही हरिद्वार जिले के खानपुर में सरकारी योजना के तहत कृषि यंत्र खरीदने पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ दिलाने के लिए फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया था। शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए विकासखंड खानपुर में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था।
