राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चमोली का परचम,113 अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान।
चमोली:-05 नवंबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत
ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जनपद चमोली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 113 अंक अर्जित कर प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया । प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने प्रथम तथा जनपद हरिद्वार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में चमोली के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए। पदक विजेता खिलाड़ियों में आकांक्षा, महक, निशा, हिमांशी, वैष्णवी, काजल, कविता, आशा, आरती, रेशमी, रेशमा, लक्ष्मी, आरुषि, आस्था, नीरज, दीप, शीतल, हर्षिता, रितिक, जीवन एवं सक्षम सहित अन्य खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों ने दौड़, रेस वॉक, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, डिस्कस थ्रो एवं हैमर थ्रो जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया। जनपद की इस गौरवशाली उपलब्धि पर गैरसैंण कृषि एवं उद्यान विकास मेले के उद्घाटन अवसर पर कर्णप्रयाग विधानसभा के विधायक अनिल नौटियाल एवं मेला समिति द्वारा जनपद चमोली की टीम का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया । इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों तथा टीम के प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में टीम मैनेजर के रूप में जिला समन्वयक के.सी. पंत, टीम कोच गोपाल बिष्ट, हितेंद्र सिंह बिष्ट , रवि रावत, बच्चे सिंह ग्वाल , बसंती फर्स्वाण व सीमा पुंडीर ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
विधायक अनिल नौटियाल ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ की प्रतिभाओं में अपार क्षमता है, उचित मार्गदर्शन,निरंतर अभ्यास एवं अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं जो भविष्य के खेलों के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
