उत्तरकाशी में वरुणा नदी में नहाने गया युवक डूबा,युवक की तलाश जारी।
उत्तरकाशी:-26 जुलाई 2026
जनपद मुख्यालय के समीप स्थित वरूणा नदी में रविवार दोपहर नहाने गया एक 18 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। युवक के बह जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) मौके पर पहुंची। जिसके बाद वरूणा नदी से लेकर गंगा नदी तक व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञानसू निवासी अनमोल जोशी (18) पुत्र महेश जोशी रविवार दोपहर अपने कुछ दोस्तों के साथ वरूणा नदी में नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि बड़ेथी चुंगी के समीप वह नदी में छलांग लगाकर स्नान कर रहा था,इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से वह संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते वह बहने लगा।अनमोल के साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में बह रहे युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही क्षणों में वह उनकी आंखों से ओझल हो गया. इसके बाद घटना की सूचना जिला प्रशासन और पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने वरूणा नदी के विभिन्न हिस्सों के साथ ही गंगा नदी तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया खोज अभियान लगातार जारी है। नदी के किनारों के अलावा संभावित स्थानों पर भी गहन तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए. युवक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल था. पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल है।
प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए सतर्क रहने तथा जोखिम उठाकर नदी में स्नान न करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा जब तक युवक का पता नहीं चल जाता, तब तक खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा।
