पौड़ी गढ़वाल में आदमखोर गुलदार को मारने के लिए शूटर हुए तैनात।
पौड़ी गढ़वाल-06 दिसम्बर 2025
तहसील पौड़ी के गजल्ट गांव में व्यक्ति पर हमला कर उसे निवाला बनाने वाले आदमखोर गुलदार को मारने के लिए जिला प्रशासन और वन विभाग पूर्ण सतर्क मोड पर आ गए हैं.गुलदार को मारने की स्वीकृति मिलते ही वन विभाग ने सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रही हैं और जिला प्रशासन लगातार अपडेट ले रहा है.ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गांव में बीती रात दो अतिरिक्त फॉक्स लाइटें स्थापित की गईं। साथ ही,प्रभावित गांव में पशुपालकों के लिए चारे की आपूर्ति शुरू की गई है। मानव–वन्यजीव संघर्ष के तहत पीड़ित परिवार को दी जाने वाली अग्रिम राहत राशि बैंक के माध्यम से जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
वन विभाग की ओर से एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने और पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा, कैमरा ट्रैप और ड्रोन तैनात किए गए हैं। इसके अलावा गुलदार को शूट करने के लिए मचान बनाया गया है और दो अनुभवी शूटरों की तैनाती कर दी गई है, जो लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन और वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आदमखोर गुलदार से उत्पन्न संकट को समाप्त करने के लिए हर स्तर पर तेजी से कार्रवाई जारी है।
