औली में बर्फबारी चारों ओर बिछी बर्फ की सफेद चादर,औली में उमड़े पर्यटक।

औली में बर्फबारी चारों ओर बिछी बर्फ की सफेद चादर,औली में उमड़े पर्यटक।

चमोली- 06 अप्रैल 2026

मौसम विभाग का पूर्वानुमान एक बार फिर सटीक साबित हुआ है। चमोली जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अचानक मौसम ने करवट बदली और श्री बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी तथा विश्व प्रसिद्ध औली में जमकर बर्फबारी देखने को मिली। अप्रैल माह में हुई इस ताजा बर्फबारी से पूरे क्षेत्र में सर्दी का अहसास लौट आया है।औली में बर्फबारी के बाद चारों ओर सफेद चादर बिछ गई है,जिससे प्राकृतिक सौंदर्य और भी निखर गया है। बर्फ से ढके पहाड़ और मैदान पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। यही कारण है कि बर्फबारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पर्यटक औली की ओर रुख कर रहे हैं। जहां पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तपती गर्मी से लोग परेशान थे, वहीं अब मौसम में आए बदलाव ने लोगों को बड़ी राहत दी है।सोमवार को चमोली में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई।

भू-बैकुंठ बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और औली में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है.बर्फबारी और बारिश से पूरे क्षेत्र में ठंडक बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। बदलते मौसम के बीच पहाड़ों का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है, मानो प्रकृति ने इस साल पहाड़ों को एक नई सौगात दी हो।

एक ओर जहां मैदानी इलाकों में गर्मी से लोग बेहाल हैं, वहीं पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है।बारिश और बर्फबारी का असर खेती पर भी सकारात्मक नजर आ रहा है। किसानों के चेहरे खिले हुए हैं, क्योंकि लंबे समय से बारिश का इंतजार किया जा रहा था। अब फसलों को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। वहीं विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है।अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक बर्फबारी, ठंडी हवाओं और पहाड़ों की वादियों का जमकर आनंद ले रहे हैं। मौसम की यह करवट जहां लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, वहीं पर्यटन और कृषि दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है।

वहीं,स्थानीय होटल व्यवसायियों के अनुसार, अप्रैल में बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबार को नया जीवन मिला है। उनका कहना है कि बीते कुछ समय से पर्यटकों की संख्या कम थी, लेकिन ताजा बर्फबारी के बाद एक बार फिर औली में रौनक लौट आई है और होटलों में बुकिंग बढ़ने लगी है। वहीं, प्रशासन ने भी पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें और सुरक्षित यात्रा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!