सौतेले पिता की हैवानियत,नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म,डर के मारे बच्ची ने घर छोड़ा।
कोटद्वार (पौड़ी)-08 फरवरी 2026
बेहद शर्मसार और झकजोर देने वाली खबर कोटद्वार से सामने आ रही है। जहां एक सौतेले पिता ने अपनी ही नाबालिग बच्ची के साथ रेप किया। घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची घर से निकल गई थी, जिसके बाद परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी एसएसपी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर बालिका की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर आसपास के इलाकों में सर्च अभियान शुरू किया और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। बालिका को सकुशल बरामद किए जाने के बाद जब उसे सुरक्षित माहौल में काउंसलिंग के लिए रखा गया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। बालिका ने बताया कि उसके साथ सौतेले पिता ने दुष्कर्म किया था,जिसके डर से वह घर से भाग गई थी।
जानिए पूरा मामला..⤵️
बालिका के लापता होने पर पुलिस ने तलाश शुरू की.6 फरवरी को कोटद्वार कोतवाली में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी सुबह घर से बिना बताए निकल गई थी और देर शाम तक वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की और दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले ताकि बालिका की लोकेशन का पता लगाया जा सके। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बालिका 6 फरवरी की सुबह अपनी नानी के पास पहुंची थी। पूछताछ में नानी ने बताया कि बालिका डरी हुई थी और उसने माता-पिता के साथ न रहने की इच्छा जताई थी। इसके बाद नानी ने बालिका को सिगड़ी क्षेत्र में एक परिचित के यहां छोड़ दिया था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर सिगड़ी और कलालघाटी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया और बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
काउंसलिंग में हुआ दुष्कर्म का खुलासा⤵️
बालिका को सुरक्षित माहौल में काउंसलिंग के लिए रखा गया। इसी दौरान उसने पुलिस को बताया कि 5 फरवरी की रात उसके सौतेले पिता रोशन पांडे ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बाद वह इतनी डर गई कि घर से निकल गई.बालिका की तहरीर के आधार पर कोटद्वार कोतवाली में आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने और तेज कार्रवाई की। टीम ने आरोपी को नजीबाबाद रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त तहरीर एवं तथ्यों के आधार पर अभियुक्त रोशन पांडे के विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार पर मु.अ.सं-24/2026, धारा- 65(1), 75(2) BNS एवं धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए उक्त अभियोग में संलिप्त अभियुक्त रोशन पांडे को नजीबाबाद रोड से गिरफ्तार किया गया।
