हरिद्वार के मंगलौर में महिला का गला कटा शव हुआ बरामद,महिला की नही हो पाई पहचान।
रुड़की:-18 अगस्त 2026
हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का गला कटा शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही तत्काल मंगलौर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मृतका की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए। इसी के साथ घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाके को भी खंगाला और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए, पुलिस की टीमें यह पता लगाने में जुटी हुई है कि मृतका कौन है और वह गंगनहर किनारे किन परिस्थितियों में पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलौर कस्बा क्षेत्र में पुराने गंगनहर पुल के किनारे मंगलवार की सुबह एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया गया है कि मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष है और महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला है।प्रथम दृष्टया महिला की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। हालांकि अभी महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर महिला की गुमशुदगी से संबंधित जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा पुलिस द्वारा घटनास्थल और उसके आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि महिला के वहां पहुंचने और घटना से जुड़े संदिग्धों के बारे में जानकारी मिल सके। वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला को घटनास्थल पर लाया गया था या वारदात कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है। वहीं घटनास्थल के आसपास मिले सबूतों को पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित किया है. फिलहाल महिला की शिनाख्त और हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल,ने बताया कि,मामले की सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। महिला की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है. पुलिस टीम को घटना की तह तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतका की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है। फिलहाल शव की पहचान और मौत की वजह रहस्य बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।
