टिहरी में जनता की गाढ़ी कमाई डकारने वाला तत्कालीन बैंक कैशियर गिरफ्तार,उत्तराखंड ग्रामीण बैंक से 54 लाख रुपए का किया गबन

टिहरी में जनता की गाढ़ी कमाई डकारने वाला तत्कालीन बैंक कैशियर गिरफ्तार,उत्तराखंड ग्रामीण बैंक से 54 लाख रुपए का किया गबन।

टिहरी गढ़वाल:-03 जुलाई 2026

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा में करोड़ों नहीं बल्कि लाखों रुपये के वित्तीय गड़बड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खाताधारकों के लगभग 54 लाख रुपये के गबन के आरोप में बैंक के तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी भी जारी है।

बैंक की आंतरिक जांच में सामने आया गबन का मामला

जानकारी के अनुसार, बीते 30 जून को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा के शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने थाना छाम में ई-एफआईआर दर्ज कराते हुए करीब 54 लाख रुपये के गबन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद बैंक की आंतरिक ऑडिट टीम और जांच समिति ने रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की, जिसमें प्रथम दृष्टया तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

फर्जी हस्ताक्षर और निकासी वाउचरों से निकाली गई रकम

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी हस्ताक्षरों और जाली निकासी वाउचरों का इस्तेमाल कर अवैध रूप से धनराशि निकाली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बैंक के अभिलेख, खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, निकासी वाउचर तथा अन्य दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की।

रिश्तेदारों के खातों में भी ट्रांसफर की गई रकम

पुलिस विवेचना के दौरान यह भी पता चला कि गबन की गई राशि का एक हिस्सा आरोपी ने अपने व्यक्तिगत बैंक खाते के अलावा अपने कुछ रिश्तेदारों के खातों में भी स्थानांतरित किया था। इसके बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर आरोपी की तलाश शुरू की।

देहरादून से दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार

जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने 2 जुलाई को देहरादून के बड़ोवाला, प्रेमनगर रोड स्थित शक्ति कॉलोनी में दबिश देकर आरोपी अभिलाष शर्मा को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। फिलहाल पुलिस गबन की पूरी धनराशि के लेन-देन, फंड फ्लो और इस मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि आर्थिक अपराध सीधे लोगों के विश्वास और उनकी मेहनत की कमाई पर हमला होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई कर रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!