पौड़ी गढ़वाल शहर में तनाव का माहौल,बाजार किया गया बंद,अतिरिक्त पुलिस बल तैनात।
पौड़ी गढ़वाल-03 अप्रैल 2026
उत्तराखंड का पौड़ी गढ़वाल शहर एक बार फिर से सुर्खियों में है। बीते गुरुवार को नाई का काम करने वाले युवक ने एक अन्य युवक पर हमला कर दिया था, जिसके बाद शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस घटना के विरोध में आज तीन अप्रैल को व्यापारियों ने पौड़ी शहर को बंद रखने का निर्णय लिया. जिसके चलते आज सभी दुकानें और प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो रखी है।
शुक्रवार को इस घटना को विरोध में स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने एकजुट होकर शहर में रैली निकाली। रैली के माध्यम से उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए नारेबाजी की और लोगों से अपील की कि शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं उत्तराखंड की आंदोलनकारी कमला रावत ने भी विरोध जताते हुए शराब की दुकान का शटर गिराकर उसे बंद रखने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शराब की दुकान को शहर से बाहर स्थापित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह दुकान में तोड़फोड़ करने को मजबूर होंगी।
दरअसल, पौड़ी शहर में बीते गुरुवार को हुए कैंची हमले की घटना के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया है। नाई का काम करने वाले व्यक्ति ने एक युवक पर कैंची से हमला किया था,जिससे शहर में डर और आक्रोश का वातावरण बन गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, इसके बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ,आक्रोशित लोगों ने आरोपी नाई की दुकान में तोड़फोड़ की और पूरे शहर में विरोध का माहौल बन गया। इसी घटना के विरोध में शुक्रवार को पौड़ी शहर के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए। स्थानीय लोगों,व्यापारियों और विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर इस घटना के खिलाफ नाराजगी जताई और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी कमला रावत ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से अलग करने का उद्देश्य एक शांत और सुरक्षित राज्य बनाना था, जहां युवाओं को रोजगार मिले और वे सुरक्षित जीवन जी सकें, लेकिन आज हालात ऐसे हो गए हैं कि खुलेआम पहाड़ के युवाओं पर हमले हो रहे हैं, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।उन्होंने यह भी कहा कि पहाड़ों में पहले से ही रोजगार के अवसर सीमित हैं, और ऐसे में शहरों में बढ़ती अव्यवस्था और शराब की दुकानों का असर युवाओं पर नकारात्मक पड़ रहा है। उनके अनुसार, जिस उद्देश्य के साथ उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था, वह अब कहीं न कहीं अधूरा नजर आ रहा है।
फिलहाल शहर में पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके. पुलिस प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी कर रहा है।
पूरा मामला जानिए⤵️
जानकारी के मुताबिक पौड़ी गढ़वाल शहर में रामलील मैदान के पास गुरुवार सुबह 10 बजे दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी में नाई का काम करने वाले एक युवक ने दूसरे युवक पर कैंची से हमला कर दिया। घटना में घायल हुए स्थानीय युवक नवीन नेगी ने बताया कि, वह अपने घर से वाहन लेकर रामलीला मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी कार का साइड मिरर गलती से सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति को छू गया।आरोप है कि इस छोटी सी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में बुजुर्ग की तरफ से कुछ रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए और गरमागर्मी बढ़ गई। नवीन नेगी का आरोप है कि, जब उन्होंने अपनी बात रखने और विरोध जताने की कोशिश की, तभी बुजुर्ग की तरफ से मौजूद एक युवक ने अचानक उसके कान के पास कैंची से वार कर दिया। इस घटना के बाद शहर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम पते⤵️
अब्दुल राऊफ (उम्र-61 वर्ष) पुत्र शफीक अहमद, निवासी- अपर बाजार, पौड़ी
मुज्जमिल (उम्र-51 वर्ष) पुत्र पुत्र शफीक अहमद, निवासी- अपर बाजार, पौड़ी
मोहम्मद जायद (उम्र-18 वर्ष) पुत्र मुज्जमिल, निवासी- अपर बाजार, पौड़ी
मोहम्मद आकिफ (उम्र-23 वर्ष) पुत्र अब्दुल राऊफ, निवासी- अपर बाजार, पौड़ी
