चंपावत में दर्दनाक हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार बनी आग का गोला, दो की मौत, तीन लड़ रहे जिंदगी की जंग।

चंपावत में दर्दनाक हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार बनी आग का गोला, दो की मौत, तीन लड़ रहे जिंदगी की जंग।

बाराकोट (चंपावत):- 19 जून 2026

जनपद चंपावत के बाबरू-बाराकोट स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बंतोली के निकट शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पिथौरागढ़ से लोहाघाट की ओर आ रही एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसके बाद वाहन में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस, राजस्व विभाग की टीम तथा स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन पूरी तरह जल चुका है, जिससे वाहन का नंबर और अंदर की स्थिति का स्पष्ट पता नहीं चल पा रहा है।रेस्क्यू अभियान के दौरान कुल पांच लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें एक व्यक्ति खाई में झाड़ियों के बीच मिला, जबकि चार अन्य लोगों को जलती हुई कार से स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से किसी तरह बाहर निकाला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,जबकि तीन गंभीर घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट भेजा गया है.चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।घटनास्थल पर अभी भी राहत एवं बचाव कार्य जारी है। फायर टीम वाहन में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

वाहन में सवार चालक राजेन्द्र कुमार (48) निवासी डीडीहाट की मौके पर मौत हो गई और कार में सवार घायल बलदेव कुमार (36)निवासी कनालीछीना पिथौरागढ की कार में जलकर मौत हो गई। वाहन में सवार घायल एक महिला नीतू देवी (36)पत्नी बलदेव कुमार और उनकी बेटी अक्षिता (8)और पुत्र आरव (5) गंभीर रुप से घायल हो गए। तीनों घायलों को आपातकालीन वाहन के जरिए उपचार के लिए उपजिला अस्पताल लाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!