गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग गंगनानी के पास दर्दनाक सड़क हादसा,स्विफ्ट कार खाई में गिरी,दो की मौत,तीन घायल।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग गंगनानी के पास दर्दनाक सड़क हादसा,स्विफ्ट कार खाई में गिरी,दो की मौत,तीन घायल।

उत्तरकाशी-29 मई 2026

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम गंगनानी के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंजाब नंबर की स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और जिला प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार कार में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन गहरी खाई में जा गिरा। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। कठिन परिस्थितियों के बीच राहत दल ने सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकालने का कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू टीम द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई है। वहीं एक महिला और दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पहले ही अलर्ट मोड पर रखा गया था, जिसके चलते घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभागों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्राथमिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। हादसे के बाद गंगोत्री हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!