रूद्रप्रयाग जिपं सदस्य के पति ड़ा कैलाश पुष्पवाण की मौत का मामला,9 दिन बाद फरार आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार।

रूद्रप्रयाग जिपं सदस्य के पति ड़ा कैलाश पुष्पवाण की मौत का मामला,9 दिन बाद फरार आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार।

रुद्रप्रयाग:-07 सितंबर 2026

उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ में रक्षाबंधन के दिन हुए सड़क हादसे के मामले में करीब नौ दिन से फरार चल रहे आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी प्रदीप सिंह सेमवाल को 5 सितंबर की रात सिरोबगड़ क्षेत्र से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चाकू मिलने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज किया है। यह मामला ऊखीमठ की जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पवाण के पति डॉ. कैलाश पुष्पवाण की मौत से जुड़ा है। घटना के बाद आरोपी के फरार रहने के कारण उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।

कोतवाली ऊखीमठ में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 में वांछित प्रदीप सिंह सेमवाल पुत्र धूम सिंह, निवासी ग्राम त्यूड़ी, थाना गुप्तकाशी, हादसे के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। कई दिनों तक चलाए गए प्रयासों के बाद 5 सितंबर की रात पुलिस टीम ने सिरोबगड़ क्षेत्र में प्रदीप सिंह सेमवाल को पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक चाकू बरामद हुआ। इसके बाद कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 64/2026, धारा 25/4 आयुध अधिनियम के तहत अलग अभियोग दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में विवेचनात्मक कार्रवाई और साक्ष्य संकलन अभी जारी है।

रक्षाबंधन के दिन भारत सेवाश्रम ऊखीमठ मोटर मार्ग पर टाटा सूमो चालक ने स्कूटी सवार डॉ. कैलाश पुष्पाण को कुचल दिया था जिससे उनकी मौत हो गई थी। उनकी पहचान पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पाण के पति के रूप में हुई थी।हादसे के बाद आरोपी चालक के फरार होने से मामला लगातार चर्चा में रहा और उसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव भी बना रहा।

पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि वांछित आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगाई गई थीं। लगातार प्रयासों के बाद उसे सिरोबगड़ से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान चाकू बरामद होने पर उसके संबंध में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मूल प्रकरण में जांच और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!