सोशल मीडिया पर दोस्ती कर किशोरी से दुष्कर्म का आरोप,आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
हल्द्वानी:-05 सितंबर 2026
हल्द्वानी में 17 वर्षीय किशोरी ने मेरठ निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी का आरोप है कि आरोपी उसे नैनीताल और हल्द्वानी के अलग-अलग होटलों में ले गया बाद में आरोपी ने बातचीत बंद कर दी। शादी के लिए मेरठ पहुंची किशोरी को परिवार की ओर से भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया गया. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हल्द्वानी में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती का एक मामला गंभीर आरोपों के साथ पुलिस तक पहुंचा है। मामला एक 17 वर्षीय किशोरी से जुड़ा है, जिसने मेरठ निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी की तहरीर के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी के मुताबिक, साल 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी मुलाकात मेरठ निवासी युवक से हुई थी।
बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक कई बार नैनीताल और हल्द्वानी आया। इसी दौरान वह किशोरी को अलग-अलग होटलों में ले गया और शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने बताया कि जुलाई 2025 में आरोपी ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी। लंबे समय तक संपर्क नहीं होने पर वह आरोपी के मेरठ स्थित घर पहुंच गई। वहां आरोपी के परिवार की ओर से उसे बालिग होने के बाद शादी कराने का भरोसा दिया गया और वापस भेज दिया गया।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि,किशोरी की शिकायत के आधार पर 2 सितंबर को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरोपी और उसके परिवार ने अपने वादे से पीछे हटते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद किशोरी ने हल्द्वानी पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।
