बदरीनाथ हाईवे पर बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत,बस चालक सहित चार यात्री घायल।
नंदप्रयाग (चमोली)- 13 मई 2026
रिपोर्ट-सुरेंद्र रावत.
चार धाम यात्रा अपने चरम पर हैं जहां चारों धामों में प्रतिदिन दिन आस्था का सैलाब उमड़ रहा है, तो वहीं आये दिन दुर्घटनाओं की सूचना भी सामने आ रही है. आज बुधवार को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुहेड के पास बस और ट्रक की भीषण भिड़ंत हो गई. हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया।
दुर्घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रा मार्ग कुछ समय के लिए बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने में जुट गई। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटाने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई गई, जिसके बाद बदरीनाथ हाईवे पर यातायात सुचारू किया गया।
बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। यात्रियों ने कहा कि ट्रक चालक की लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो सकता था और कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ट्रक चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि बस तीर्थयात्रियों को हरिद्वार से बद्रीनाथ धाम लेकर जा रही थी और ट्रक कर्णप्रयाग की और आ रहा था। इस दौरान चमोली जनपद के बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कुहेड के समीप यह हादसा हो गया।
जानकारी देते हुए आपदा प्रबंधन अधिकारी चमोली नन्द किशोर जोशी ने बताया कि, राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदप्रयाग के समीप एक ट्रक एवं यात्री बस की टक्कर होने की सूचना प्राप्त हुई है। बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस एवं राहत-बचाव दल तत्काल मौके के लिए रवाना हो गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने हेतु 108 सेवा की तीन एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई हैं। इसके अतिरिक्त जिला चिकित्सालय से एक मेडिकल टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है। घटना में अब तक 4 लोगों के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु चिकित्सालय भेजा जा रहा है। सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। वहीं,बस सवार यात्रियों ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार से एक दम से गलत दिशा की ओर आया और बस से भिड़ गई।
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आये दिन हो रही है दुर्घटनायें:⤵️
बता दें कि विगत 11 मई सोमवार को बद्रीनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की टाटा सूमो और पिकअप वाहन में भी जबरदस्त टक्कर हो गई थी। घटना के दौरान वाहन में बैठे लोगों की चीख पुकार मच गई, जिसके बाद बद्रीनाथ हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई और लम्बा जाम लग गया था।इस दौरान घटना में घायल सात यात्रियों को चोंटे आयी थी जिन्हें पुलिस द्वारा एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
