4 महीने पहले हुई थी शादी,नैनीताल जाते समय नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत।

4 महीने पहले हुई थी शादी,नैनीताल जाते समय नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत।

नैनीताल:-02 अक्टूबर 2026

नैनीताल जिले के रामनगर में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक नवविवाहित परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं हैं। पीरूमदारा क्षेत्र में स्कॉर्पियो और 22 टायरा डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में गाजियाबाद निवासी 24 वर्षीय यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। यतीश राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी होने के साथ एक निजी स्कूल में शिक्षक भी थे। हादसे में उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ काशीपुर से होते हुए नैनीताल जा रहे थे। दोनों की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद यह यात्रा उनके लिए एक सामान्य घूमने-फिरने का कार्यक्रम था, लेकिन रामनगर के पीरूमदारा में हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

हादसा 2 अक्टूबर की देर रात करीब 1:20 से 1:45 बजे के बीच नेशनल हाईवे-309 पर हुआ। बताया जा रहा है कि पीरूमदारा के पास सामने से आ रहे उपखनिज लदे 22 टायरा डंपर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया है कि डंपर चालक ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा में आ गया था। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के चलते सामने से आ रही स्कॉर्पियो डंपर की चपेट में आ गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रामनगर कोतवाली की टीम घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और राहगीरों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल रामनगर संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया.अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने यतीश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

यतीश यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित शाहपुर बमेठा के रहने वाले थे। वह राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल खेल चुके थे और वर्तमान में एक निजी स्कूल में शिक्षक के तौर पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर हैं। परिजनों के मुताबिक दोनों की शादी को अभी महज चार महीने ही हुए थे।

हादसे की सूचना मिलते ही यतीश के परिजन रामनगर पहुंच गए। पिता सुरेश यादव ने डंपर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है। यतीश के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना के दौरान वाहनों की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!