उपचार के लिए लाए गए घायल व्यक्ति को अस्पताल में बेड उपलब्ध कराने के बजाय जमीन पर लिटा दिया।
पौड़ी गढ़वाल-19 दिसम्बर 2025
जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए सरकार भले ही लगातार प्रयास कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। अस्पतालों में पहुंचने वाले मरीजों को न तो समय पर उपचार मिल पा रहा है और न ही अपेक्षित मानवीय व्यवहार. ऐसा ही एक गंभीर मामला एकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पाटीसैण से सामने आया है।
गुरुवार को उपचार के लिए लाए गए एक घायल व्यक्ति को अस्पताल में बेड उपलब्ध कराने के बजाय जमीन पर लिटा दिया गया। उसे बिना किसी समुचित सुविधा के छोड़ दिया गया। आरोप है कि घायल को न तो समय पर उपचार मिला और न ही आवश्यक प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं,ऐसे में इस तरह का व्यवहार आम जनता के लिए बेहद निराशाजनक और अपमानजनक है। मरीजों के साथ इस तरह का सलूक स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। घटना के सामने आने के बाद लोगों में रोष है और वे मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।पौड़ी जनपद के एकेश्वर ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पाटीसैण की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीण रेवत सिंह ने बताया कि हमारे क्षेत्र में एक व्यक्ति गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे स्थानीय लोग उपचार के लिए पीएचसी पाटीसैण लेकर पहुंचे लेकिन अस्पताल में उपचार देने के बजाय घायल को स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ही ज़मीन पर रख दिया गया। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पहले ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। इसी वजह से लोग गांव छोड़कर शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। जो लोग अभी भी गांवों में रह रहे हैं, जब उनके साथ अस्पतालों में इस तरह का व्यवहार होता है, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो,इसके लिए स्वास्थ्य विभाग इस मामले का गंभीरता से संज्ञान ले।
वहीं इस पूरे मामले पर सीएमओ पौड़ी शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि प्रकरण हमारे संज्ञान में आया है। इसकी जांच करवाई जाएगी। पीएचसी पाटीसैण में 108 एंबुलेंस की सहायता से एक मरीज को लाया गया था, जो शराब के नशे में था। 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों द्वारा मरीज को बेड पर रखने के बजाय ज़मीन पर छोड़ दिया गया। पीएचसी पाटीसैण में वर्तमान में वार्ड ब्वॉय की तैनाती नहीं है। यहां केवल महिला कर्मचारी मौजूद थीं, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। सीएमओ ने बताया कि हालांकि कुछ समय बाद हालात सामान्य हो गए थे।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर इसे राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया है।
घायल व्यक्ति का नाम अर्जुन भंडारी है. उनकी उम्र करीब 42 वर्ष है। गुरुवार को अपने गांव पिपली जाने के दौरान अर्जुन गिर गए थे।इससे उनके शरीर में चोट आई और उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए पीएचसी सेंटर ले जाया गया. वहीं एक्सरे करवाने के लिए उन्हें पौड़ी भेजा गया है।
