रामनगर में एसडीएम के सख्त निर्देश,स्कूल समय में खनन वाहनों पर पूर्ण रोक,ओवरलोडिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई।
रामनगर (नैनीताल)-21 दिसम्बर 2025
रामनगर में खनन से जुड़ी अव्यवस्थाओं और लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम प्रमोद कुमार ने अपने कार्यालय में क्षेत्र के सभी स्टोन क्रेशर स्वामियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खनन कार्य पूरी तरह नियमों के तहत ही संचालित किया जाए, किसी भी तरह की लापरवाही या नियम उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने कहा कि स्कूल समय के दौरान खनन वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो। इसके साथ ही उन्होंने नो एंट्री समय में भी खनन वाहनों के आवागमन पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि यातायात नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खनिज से लदे सभी वाहनों को तिरपाल से ढककर ही सड़कों पर चलना होगा, जिससे सड़क पर मलबा न गिरे और प्रदूषण न फैले। ओवरलोडिंग को लेकर एसडीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ओवरलोड किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी खनन वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान ग्राम सक्खनपुर क्षेत्र से खनन वाहनों के गुजरने को लेकर वैकल्पिक मार्ग का सुझाव स्टोन क्रेशर स्वामियों द्वारा दिया गया। इस पर एसडीएम ने बताया कि संबंधित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद ही इस सुझाव पर विचार किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा नदी क्षेत्र में 10 टायरा वाहनों के प्रवेश को लेकर वन विभाग, खनन विभाग और परिवहन विभाग के साथ हुई संयुक्त बैठक का भी जिक्र किया गया। एसडीएम ने बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि नियमों के अनुरूप कुछ वाहनों को सशर्त अनुमति दी जाएगी।
