हिंसक गुलदार की कैद को लगाया पिंजरा,मैखौली में एक साथ दो गुलदार ग्रामीणों की पिंजरा लगाने की मांग।
मेहलचोरी (गैरसैंण)-01 जनवरी 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला.
गोवंश पर गुलदार के बढ़ते हमलों और ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए वन विभाग ने गैरसैंण के ऊजिटिया गांव में बुधवार देर सांयकाल पिंजरा लगा दिया है।जिससे हिंसक हो चुके गुलदार से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। वन विभाग लोहवा रेंज द्वारा पिंजरे को घटनास्थल वाली गौशाला के नजदीक ही लगाया गया है,जहां मंगलवार रात्रि को गुलदार ने राजेंद्र सिंह की दो गायों को गौशाला के अंदर ही मार डाला था।
मामले को लेकर वन क्षेत्राधिकार प्रदीप गौड़ ने बताया कि विभाग की अनुमति मिलने के बाद पिंजरा घटनास्थल पर ही लगाया गया है,गुलदार पिंजरे तक पहुंचे इसके लिए हर संभावित उपाय भी अमल में लाये जा रहे हैं।जिसको लेकर फिलहाल घटनास्थल के नजदीक पटाखे फोड़ने के साथ ही अन्य गतिविधियां भी कम कर दी गई हैं।इसके साथ ही लोगों को सचेत रहने को भी कहा गया है।उन्होंने बताया की हिंसक गुलदारों की संख्या बढने पर क्षेत्र में दूसरा पिंजरा भी लगाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि गौवंश पर गुलदार के लगातार बढते मामलों को देखते हुए नाराज त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों ने बुद्धवार को रोहिडा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में भी ये मामला जोर-शोर से उठाया था। वहीं क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य सुरेश बिष्ट ने मामले को लेकर चमोली डीएफओ से कार्यालय में मुलाकात कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया था,जिसके बाद पिंजरा लगाने की अनुमति दी गई है।
मेहलचौरी के नजदीकी मैखोली परसारागांव में भी बीती रात दो गुलदार गांव में घुस आए,जिससे रातभर गांव में डर के बीच अफरा-तफरी का माहौल रहा। गांव के नजदीक दो निराश्रित गौवंश को निवाला बनाने पंहुचे गुलदारों की आहट जब ग्रामीणों को मिली तब रातभर जागकर पटाखे फोडकर गुलदारों को भगाने का प्रयास किया।ग्रामीण त्रिलोक सिंह, रामचंद्र सिंह,भरत परसारा ,गोविंद सिंह आदी ने लंबे समय से गुलदारों की सक्रियता को देखते हुए पिंजरा लगाने की मांग की है।
