अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के सरगना को देवप्रयाग में चमोली पुलिस ने किया गिरफ्तार।
गोपेश्वर:-12 सितंबर 2026
रिपोर्ट- रजपाल बिष्ट।
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर शिकंजा कसते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंग लीडर को धर दबोच लिया है।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनकी आस्था का फायदा उठाकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह पर चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा कस दिया है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि टप्पेबाज गिरोह द्वारा बदरीनाथ तथा केदारनाथ धामों में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। इस मामले में बीते 27 अप्रैल को कोतवाली बदरीनाथ में गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी ही थी कि यह बात भी सामने आई कि गिरोह के सदस्यों द्वारा श्री केदारनाथ धाम में भी टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में थाना सोनप्रयाग में भी मामला दर्ज किया गया था। बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि इस अपराध में संलिप्त आरोपी एक सुसंगठित अंतर्राज्यीय गिरोह के रूप में योजनाबद्ध तरीके से टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इसके तहत पुलिस ने गिरोह से जुड़े पंजाब के भटिंडा निवासी कृष्ण कुमार, दिया, सुनील कुमार तथा राजस्थान के अलवर के ललित कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बावजूद जांच जारी रखी गई। जांच में गिरोह की आपराधिक गतिविधियों की परतें लगातार खुलती चली गईं और गैंगलीडर का भी पता चल गया।
गिरोह के सदस्यों पर लगाया गया गैंगस्टर एक्ट
एसपी ने बताया कि गिरोह की संगठित आपराधिक गतिविधियों, लगातार आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता तथा जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए चमोली पुलिस ने आरोपियों का विस्तृत गैंगचार्ट तैयार किया। जिला मजिस्ट्रेट से गैंगचार्ट का अनुमोदन हासिल करने के उपरांत गिरोह एवं उसके सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई। इस मामले का पूरी तरह खुलासा करते हुए जांच में यह बात भी सामने आई की टप्पेबाज गिरोह का गैंगलीडर राजस्थान के भरतपुर का निवासी सुनील कुमार है। मौजूदा समय वह भटिंडा में रह रहा है। पुलिस गैंगलीडर को धर दबोचने में जुटी रही। इसके तहत गैंगलीडर को शनिवार को देवप्रयाग से घर दबोच लिया गया। पुलिस टीम में बदरीनाथ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महादेव उनियाल, गोविंद घाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नागरकोटी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह रावत व मनोज कुमार शामिल रहे।
एसपी पंवार ने बताया कि आस्था की आड़ में संगठित एवं अंतर्राज्यीय अपराध करने वालों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों के लिए जनपद चमोली में कोई जगह नहीं है। संगठित अपराध के विरुद्ध चमोली पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
