युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव सुरभि द्विवेदी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच पर उठाए सवाल।
पौड़ी गढ़वाल-19 जनवरी 2026
पौड़ी जिले की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने कांग्रेस कार्यालय, पौड़ी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए।
सुरभि द्विवेदी ने कहा कि बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे प्रदेश की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण और प्रशासनिक विफलता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही जांच की दिशा संदेह के घेरे में रही है। पीड़िता के माता-पिता की शिकायत को दरकिनार कर एक तीसरे पक्ष की शिकायत के आधार पर सीबीआई जांच आगे बढ़ाई गई, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है। इससे यह आशंका और गहरी होती है कि पीड़ित परिवार की आवाज़ को जानबूझकर दबाने का प्रयास किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने उस रिज़ॉर्ट को लेकर भी सवाल उठाए, जहाँ अंकिता कार्यरत थी। सुरभि द्विवेदी ने कहा कि घटना के तुरंत बाद अंकिता के कमरे को सरकारी एजेंसियों द्वारा जल्दबाजी में ध्वस्त कर दिया गया। सरकार ने इसे अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई बताया, लेकिन यह कदम महत्वपूर्ण साक्ष्य मिटाने और जांच को प्रभावित करने जैसा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की मंशा साफ होती, तो पहले उस स्थान को सील कर फॉरेंसिक और न्यायिक जांच पूरी कराई जाती। बिना जांच के संरचना को ध्वस्त करना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के महिलाओं को लेकर दिए गए पुराने विवादित बयानों का भी ज़िक्र किया। सुरभि द्विवेदी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों के ऐसे गैर-जिम्मेदार और असंवेदनशील बयान महिलाओं के प्रति उनकी संकीर्ण सोच को उजागर करते हैं, जिसका असर निष्पक्ष जांच और न्याय प्रक्रिया पर भी पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और पीड़ित-परिवार की सहभागिता के साथ जांच कराई जाए और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी,पीसीसी सदस्य अंशुल रावत, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस मोहित सिंह,प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस आशीष नेगी,मुकुल कुमार विनोद धनोशी, अमन नेगी,संजना गुजराल,आयुष थपलियाल, रिया,रोहित कुमार,आदि लोग मौजूद रहे।
