नाबालिग को भगाकर ले जाने वाले आरोपी मोहम्मद खुशदिल को पुलिस ने गुड़गांव से किया गिरफ्तार।

नाबालिग को भगाकर ले जाने वाले आरोपी मोहम्मद खुशदिल को पुलिस ने गुड़गांव से किया गिरफ्तार।

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)-02 फरवरी 2026

जनपद में गुमशुदा हुई एक नाबालिग किशोरी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा के गुड़गांव से सकुशल बरामद कर मामले में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 27 जनवरी 2026 को राजस्व क्षेत्र के एक निवासी ने अपने गांव की एक नाबालिग किशोरी के गुमशुदा होने की तहरीर संबंधित राजस्व पुलिस को दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 जनवरी को विवेचना नियमित पुलिस कोतवाली द्वाराहाट को हस्तांतरित कर दी गई। इसके बाद एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर गुमशुदा नाबालिग की तलाश और संभावित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह एवं क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट विनोद जोशी तथा एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने व्यापक स्तर पर खोजबीन शुरू की।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया तथा सर्विलांस टीम की सहायता से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस टीमें दिल्ली, गुड़गांव और बिहार के माधोपुर क्षेत्र समेत विभिन्न स्थानों पर सक्रिय रही. पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता 31 जनवरी को मिली, जब गुमशुदा किशोरी को गुड़गांव से बरामद कर लिया गया. मौके से खुशदिल (20 वर्ष), पुत्र मोहम्मद मुस्ताक, निवासी माधोपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल बिहार को गिरफ्तार किया गया। किशोरी को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

पीड़िता के बयानों के आधार पर दर्ज अभियोग में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना गहनता से की जा रही है और संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस टीम मे विनोद जोशी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट, महिला उपनिरीक्षक मीना आर्या कोतवाली द्वाराहाट, उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट कोतवाली रानीखेत,उपनिरीक्षक धरम सिंह कोतवाली द्वाराहाट, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार एसओजी अल्मोड़ा, कांस्टेबल गणेश पाण्डे एसओजी अल्मोड़ा, इरशाद उल्ला, एसओजी अल्मोड़ा, अजय कुमार, कोतवाली द्वाराहाट, संगीता गोस्वामी कोतवाली द्वाराहाट शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!